जालोर , अप्रैल 16 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने गुरुवार को जालोर में जालोर नागरिक सहकारी बैंक लि. के नवनिवर्मित प्रधान कार्यालय का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर श्री बागडे ने नवनिर्मित प्रधान कार्यालय के लोकार्पण की शुभकामनाएँ देते हुए सहकारी बैंकिंग संस्थाओं के आम व्यक्ति के जीवन में वित्तीय महत्व के बारे में प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक छोटे उद्यमियों, कुटीर उद्योगों, किसानों, मजदूरों, फल-सब्जी के व्यापारियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता देते है। इससे गरीब एवं मध्यम वर्ग को स्वरोजगार का मौका मिलता है। यही सहकार है जो सबको साथ लेकर आगे बढ़ता है।

राज्यपाल ने अपने उद्बोधन में सहकारिता क्षेत्र में अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए डेयरी एवं कृषि के व्यवसाय में सहकारी संस्थाओं का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में कृषि एवं डेयरी क्षेत्र में विकास एवं नवाचार के लिए सहकारिता से जुड़े संस्थानों को पारदर्शिता एवं कर्मठता से कार्य करने होंगे। इन वित्तीय संस्थानों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आधिक संख्या में वंचित वर्ग के लोगों को जोड़ना होगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2014 में शुरू की गई जन-धन योजना के तहत कुल 56 करोड़ नवीन बैंक अकाउंट खोले गए। जिससे आमजन को विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का डीबीटी के माध्यम से सीधा लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के पथ पर निरंतर अग्रसर है तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से सशक्त राष्ट्र का निर्माण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में डेयरी के क्षेत्र में सहकारिता क्षेत्र अच्छा कार्य कर रहा है जिसके फलस्वरूप यह दुग्ध उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने भारतीय शिक्षा पद्धति और ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने तथा भारतीय संस्कृति से जुड़कर सहकार के भाव को प्रबल करने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित