नयी दिल्ली , दिसंबर 19 -- संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि एक सांसद के संसद परिसर में कुत्ता लाने और इसे लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने तथा एक अन्य सांसद के सदन में ई-सिगरेट पीने की शिकायतें विशेषाधिकार समितियाें के पास भेजी जायेंगी और उनकी सिफारिश पर संबंधित सदन इन मामलों में निर्णय लेंगे।

श्री रिजिजू ने शीतकालीन सत्र की समाप्ति पर संसद परिसर में शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एक सांसद के संसद परिसर में कुत्ता लाने और इसे लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला विशेषाधिकार समिति के समक्ष भेजा जायेगा।

उन्होंने कहा कि लोक सभा में एक सदस्य के ई-सिगरेट पीने से संबधित शिकायत एक सदस्य ने की है। इस मामले को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जायेगा, वहां से रिपोर्ट आने के बाद अध्यक्ष ओम बिरला आगे की कार्रवाई का फैसला करेंगे।

उल्लेखनीय है कि राज्य सभा सदस्य रेणुका चौधरी शीतकालीन सत्र के दौरान अपनी कार में एक कुत्ता लेकर संसद परिसर में आयीं थी। उन्होंने संवाददाताओं द्वारा इस संबंध में पूछे जाने पर कुछ टिप्पणियां भी की थीं। भारतीय जनता पार्टी के लोक सभा सदस्य अनुराग ठाकुर ने सदन में तृणमूल कांग्रेस के एक सदस्य के ई-सिगरेट पीने का मामला उठाया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित