जयपुर , फरवरी 13 -- राजस्थान में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चम्बल लिंक परियोजना (पीकेसी-ईआरसीपी एकीकृत) के तहत दौसा जिले को भी पानी मिलेगा।

श्री रावत प्रश्नकाल में विधायक भागचन्द टांकड़ा के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत लाभान्वित जिलों में दौसा जिला भी सम्मिलित है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में परियोजना की डीपीआर केन्द्रीय जल आयोग, नयी दिल्ली में परीक्षणाधीन है। यहां से सक्षम स्वीकृति के बाद ही बांदीकुई के रेहडिया बांध को परियोजना से जोड़ने के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।

उन्होंने कहा कि बांदीकुई का रेहडिया बांध गत 20 वर्षों में केवल तीन बार ही अपनी पूर्ण भराव क्षमता 187 एमसीएफ तक भरा है। इससे पहले श्री टांकड़ा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत जोड़े जाने वाले बांधों के विवरण के संबंध में डीपीआर की सक्षम स्वीकृति एवं जल उपलब्धता के आकलन अनुसार अग्रिम कार्यवाही प्रस्तावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित