नयी दिल्ली, सितम्बर 25 -- आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) पर संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों को छीनने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा कि आज लदाख की लड़ाई, कल पूरे देश की लड़ाई बन सकती है।
श्री केजरीवाल ने कहा "आज लद्दाख में जो हो रहा है, वो बेहद चिंताजनक है। हर सच्चे देशभक्त को लद्दाख के लोगों का साथ देना चाहिए। हमने अंग्रेज़ों से इसलिए आज़ादी थोड़ी ली थी कि जनता अंग्रेज़ों की बजाय भाजपा की गुलाम बन जाए?"उन्होंने कहा "भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद जैसे क्रांतिकारियों ने लोकतंत्र के लिए अपना बलिदान दिया था ताकि हर भारतीय को अपनी खुद की सरकार चुनने का अधिकार मिले। लेकिन आज भाजपा सत्ता के नशे में चूर होकर एक के बाद एक राज्यों को केंद्र शासित प्रदेश बना रही है, संविधान द्वारा दिए गए अधिकार छीन रही है।
आप नेता ने कहा "लदाख के लोग क्या माँग रहे हैं? वो सिर्फ़ अपनी वोट का अधिकार, सरकार चुनने का अधिकार माँग रहे हैं। लेकिन भाजपा उनकी आवाज़ दबा रही है।बार बार वादा कर के भी उन्हें वोट का अधिकार नहीं दे रही। लोकतंत्र जनता की आवाज़ है और जब सरकार वही आवाज़ दबाने लगे तो जनता का ये कर्तव्य है कि वह और बुलंद आवाज़ में बोले।"उन्होंने कहा "देश के लोकतंत्र को बचाना है तो इस तानाशाही के ख़िलाफ़ अब चुप नहीं बैठा जा सकता। आज लद्दाख की लड़ाई, कल पूरे देश की लड़ाई बन सकती है।"उल्लेखनीय है कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर लेह में बुधवार को हिंसक प्रदर्शन हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित