अयोध्या , दिसम्बर 06 -- संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान को कमजोर करने की कोशिश में लगी है। यह सिर्फ संविधान पर हमला नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर भी सीधा प्रहार है।

श्री प्रसाद ने समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय में कहा कि डॉ. अंबेडकर का संविधान हर नागरिक के अधिकारों का संरक्षक है और इसे बचाने के लिए जनता को जागरूक होना होगा। बाबा साहब ने समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने के लिए जो व्यवस्था बनाई, आज उसे खतरे में डालने वाली ताकतों से सतर्क रहना जरूरी है।

वक्ताओं ने गोष्ठी में संकल्प लिया कि अंबेडकर के विचारों 'शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो', को जन-जन तक पहुँचाने का अभियान जारी रहेगा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। पूरा लोहिया भवन "संविधान बचाओ लोकतंत्र बचाओ" के नारों से गूंज उठा़।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित