चंडीगढ़ , नवंबर 26 -- संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को पंजाब राजभवन में आयोजित एक समारोह में पंजाब के राज्यपाल के प्रमुख सचिव विवेक प्रताप सिंह ने राजभवन के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई।
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने इस अवसर पर अपना संदेश साझा करते हुए कहा कि संविधान दिवस पर हम अपने संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनका दूरदर्शी दृष्टिकोण और मार्गदर्शन हमें 'विकसित भारत' के निर्माण के संकल्प में निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान मानव गरिमा, समानता और स्वतंत्रता को सर्वोच्च स्थान देता है। यह हमें अधिकार प्रदान करता है, साथ ही नागरिक के रूप में हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है, जो एक मजबूत लोकतंत्र की नींव हैं।
समारोह की शुरुआत भारत के संविधान निर्माताओं को नमन और संविधान की भावना के प्रति सामूहिक सम्मान से हुई। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूलभूत सिद्धांतों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित