रांची , नवंबर 26 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमामयी वातावरण में संविधान दिवस मनाया।

कार्यक्रम की शुरुआत डोरंडा स्थित भारत रत्न बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई, जिसमें विधायक दल उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री शिल्पा नेहा तिर्की, विधायक सुरेश बैठा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, सतीश पाल मुंजिनी, केदार पासवान, संजय लाल पासवान, राजू राम, विनय सिन्हा दीपू, सोरेन राम, रवीन्द्र सिंह, राकेश किरण महतो, शशिभूषण राय, फिरोज रिजवी मुन्ना, सुनील सिंह, इन्दिरा देवी, ओवैश अंसारी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके बाद विशाल जनसमूह राजेन्द्र चौक तक पहुँचा, जहाँ संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने किया।

संविधान दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण रहा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे गर्व के साथ प्रस्तावना का पाठ किया"हम, भारत के लोग... भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न समाजवादी पंथनिरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए...प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा "भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि यह हमारी लोकतांत्रिक आत्मा का प्रतिबिंब है। इसमें निहित समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्य हर भारतीय को अधिकारों के साथ कर्तव्य भी देते हैं। हमें इन मूल्यों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाना चाहिए।"विधायक दल उपनेता राजेश कच्छप ने कहा"संविधान ने हर नागरिक को समान अवसर और समान अधिकार दिया है। आज जरूरत है कि हम संविधान की मूल भावना-'सबका सम्मान, सबका अधिकार'-को जमीन पर लागू करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।"मंत्री शिल्पा नेहा तिर्की ने कहा, "भारत का संविधान सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा माध्यम है। बाबा साहेब ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए हमें संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और संवर्धन हेतु निरंतर प्रयास करते रहना होगा।"विधायक सुरेश बैठा ने कहा, "संविधान ने हमें जीने का अधिकार ही नहीं, गरिमा के साथ जीने का अधिकार दिया है। संविधान दिवस हमें उन आदर्शों को याद दिलाता है जिनके आधार पर हमारा लोकतंत्र खड़ा है।"प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा,"संविधान दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह हमारा लोकतांत्रिक पर्व है। कांग्रेस पार्टी सदैव संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और जनाधिकारों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी रहेगी।"कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संख्या उपस्थिति ने यह संदेश स्पष्ट किया कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित