छत्रपति संभाजीनगर , जनवरी 16 -- महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के लिए शुक्रवार को मतगणना जारी है और इसी दौरान छत्रपति संभाजीनगर जिले में सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थापित मतगणना केंद्र पर झड़पें हुई और वहां तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति आज सुबह करीब 10 बजे उस समय बिगड़ गई जब शिवसेना (शिंदे गुट) से जुड़े बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मतगणना केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश की। उनमें से कई के पास चुनाव आयोग द्वारा जारी वैध पहचान पत्र नहीं थे इसलिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित क्षेत्र में प्रवेश करने से रोक दिया।

इस प्रतिबंध के बाद पुलिस और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस द्वारा बार-बार वापस जाने की अपील करने के बावजूद कार्यकर्ताओं ने हटने से इनकार कर दिया जिससे मतगणना केंद्र पर असुरक्षा का माहौल बन गया।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। इस कार्रवाई के दौरान औरंगाबाद के पूर्व महापौर विकास जैन घायल हो गए। इस घटना में कुछ शिवसेना कार्यकर्ता भी घायल हुए।

श्री जैन ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पुलिस पर शिवसेना कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुचित कार्रवाई करने का आरोप लगाया और लाठीचार्ज पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। घटना के बाद, आगे की स्थिति को बिगड़ने से रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतगणना केंद्र के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित