संभल , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रविवार शाम कार और टेंपो की आमने-सामने की भिड़ंत में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार थाना धनारी क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर ग्राम उधरनपुर के पास यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बहजोई के पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में टेंपो में सवार दस और कार में सवार दो लोग घायल हुए थे, जिनमें से तीन की इलाज के दौरान मौत हो गई।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित