श्रीगंगानगर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में चुरू जिले के तारानगर थाना क्षेत्र में संपत्ति बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या के आरोप उसके पुत्र को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक जय यादव ने सोमवार को बताया कि गाजुवास गांव निवासी पवन जाट (31 ) को अपने पिता प्रताप सिंह (55 वर्ष) की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
घटना के संबंध में प्रताप सिंह के छोटे बेटे अनिल कुमार जाट ने तारानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी। अनिल ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसका बड़ा भाई पवन और भाभी उर्मिला उसके माता-पिता और खुद उसके साथ संपत्ति बंटवारे को लेकर अक्सर झगड़ा करते थे। इस विवाद के कारण अनिल अपनी मां के साथ तारानगर में अलग रहने लगा था। अनिल ने बताया कि 25 दिसम्बर की रात करीब आठ बजे पवन और उर्मिला ने उसके पिता प्रतापसिंह के साथ जमकर झगड़ा किया और मारपीट की जिससे उनकी मौत हो गयी।
श्री यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रतापसिंह के शव का मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मौत का कारण सिर और शरीर पर लगी गंभीर चोटें बताई गईं। थाना प्रभारी सतपाल बिश्नोई ने गहन अनुसंधान के बाद आज पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उर्मिला के बारे में अभी जांच-पड़ताल चल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित