जालंधर , मई 08 -- राज्यसभा सांसद एवं प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने शुक्रवार को काला संघियां और जमशेर ड्रेन को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल से ठोस नीति अपनाने पर जोर दिया।

ड्रेनों को प्रदूषण मुक्त बनाने के प्रयासों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए संत सीचेवाल ने नगर निगम जालंधर, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिये कि ड्रेनों में गंदे पानी और कचरे के सीधे प्रवाह को रोकने के लिए समन्वय के साथ काम किया जाये, ताकि इन प्राकृतिक स्रोतों में स्वच्छ पानी बहना सुनिश्चित किया जा सके।

संत सीचेवाल ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि ड्रेनों को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाये। साथ ही एसटीपी प्लांटों की नियमित जांच, सैंपलिंग और संचालन पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया।

राज्यसभा सांसद ने काला संघियां ड्रेन में साफ पानी छोड़े जाने की स्थिति का भी जायजा लिया और निर्माण कार्यों के कारण रुके पानी को जल्द बहाल करने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने जमशेर स्थित सीबीजी प्लांट और वरियाणा स्थित बायो-माइनिंग प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम को तय दिशा-निर्देशों के अनुसार पानी की आपूर्ति करने को कहा, क्योंकि जरूरत से ज्यादा आपूर्ति एसटीपी और ड्रेनों के संचालन में बाधा डाल सकती है।

श्री मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए संत सीचेवाल ने कहा कि आम जनता को भी जागरूक करना जरूरी है, ताकि लोगों के सहयोग से इस प्राकृतिक धरोहर की उचित देखभाल हो सके। उन्होंने बरसात के मौसम से पहले गिद्दड़पिंडी रेलवे पुल के नीचे से मिट्टी निकालने, ड्रेनों और चिट्टी वेईं की सफाई तथा कालिया कॉलोनी के पास पुलिया की समस्या के स्थायी समाधान तक ड्रेन के किनारों को ऊंचा करने के निर्देश भी दिये।

उपायुक्त वरजीत वालिया ने भरोसा दिलाया कि ड्रेनों को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त करने के लिए जिला प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ेगा। नगर निगम आयुक्त ने बताया कि वरियाणा में आठ लाख टन कूड़े के निपटारे का कार्य जारी है और इसकी रफ्तार बढ़ाने के लिए जल्द अतिरिक्त मशीनरी लगाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित