‎पटना , फरवरी 06 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचार कालजयी हैं, जो समस्त समाज को समरसता का संदेश देते हैं।

श्री चौधरी आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संत शिरोमणि रविदास की जयंती समारोह में भाग ले रहे थे। एससी मोर्चा की और से आयोजित इस कार्यक्रम में श्री चौधरी के साथ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की उपस्थिति में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संत रविदास की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया।

श्री चौधरी ने कहा कि संत रविदास जो ज्ञान और देश को मार्गदर्शन किया वह समाज को जोड़ने वाला था। उन्होंने समाज के बीच भेदभाव खत्म करने का रास्ता 600 वर्ष पहले दिखाया था। उन्होंने कहा कि यह समाज तभी चल सकता है जब सभी जाति धर्म के लोग साथ मिलकर चलें। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचारों पर सभी को चलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय तब होगा जब सबके साथ न्याय होगा और भाजपा इसी के तहत काम कर रही है।

‎‎इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि संत रविदास ने अपनी आध्यात्मिक सोच और सामाजिक सरोकार से यह साबित किया कि प्रतिभा को दबाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि ने मानव कल्याण, राष्ट्रसेवा और समाज में व्याप्त कुरीतियों को मिटाने के लिए अपने जीवन का प्रत्येक क्षण समाहित कर दिया। उनके ओजस्वी विचारों के दिव्य प्रकाश से मानवता का सर्वदा कल्याण होता रहेगा। उन्होंने गुरु रविदास के विचारों एवं कृतियों से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि गुरु रविदास ने जन्म नहीं, बल्कि कर्म और कौशल को मनुष्य की पहचान बताया था।

इस अवसर पर भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष लखिन्द्र पासवान ने कहा कि संत रविदास ने जातिवाद, भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ आवाज उठाई एवं समाज को समानता और भाईचारे का संदेश दिया। समाज में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

‎‎‎‎इस जयंती समारोह में विधायक जनक राम, संगीता कुमारी, अनिल राम, नन्द किशोर राम, महामंत्री शिवेश राम, पूनम रविदास, अनामिका पासवान, श्याम सुंदर रजक, मनोरमा कुमारी, सुग्रीव रविदास, कुंअर विजय पासवान,संजय राम ,प्रदीप राउत, गजेंद्र पासवान,के अलावा प्रदेश के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी संत रविदास जयंती पर उन्हें नमन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित