वाराणसी , जनवरी 27 -- काशी में संत रविदास जयंती के आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार मंगलवार को सीर गोवर्धनपुर पहुंचे। उन्होंने संत रविदास जन्मस्थान परिसर का निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं मंदिर न्यास के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
निरीक्षण के दौरान न्यास के चेयरमैन ने जिलाधिकारी को कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद लंगर हॉल, मेला क्षेत्र, श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम स्थल, पंडाल-मंच व्यवस्था तथा परिसर में की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया। साथ ही विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए टेंटों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए। नगर निगम को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों और मंदिर द्वारा नियुक्त वॉलंटियरों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने भीड़ प्रबंधन के लिए सेक्टरवार योजना लागू करने, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम व एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की तैनाती, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी अधिकारी शिष्ट व्यवहार एवं बेहतर समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित