संत कबीरनगर 11मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश में संत कबीरनगर जिले के नगर पंचायत धर्मसिंहवा में स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बौरब्यास के कार्यवाहक प्रधानाचार्य अवध राज ने कॉलेज के प्रबंधक, उनके पिता और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह कार्रवाई सुविधा शुल्क वसूलने का विरोध करने और बदसलूकी के आरोप के बाद अनुसूचित जाति एवं जनजाति कानून के तहत की गई है।
क्षेत्रीय अधिकारी (सीओ) मेंहदावल सर्वदवन सिंह ने यहाँ बताया कि प्रधानाचार्य अवध राज ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि प्रबंधक रविशंकर पांडेय, उनके पिता अरुण कुमार पांडेय और एक अन्य ने छात्रों के आंतरिक मूल्यांकन के अंक देने के नाम पर 600 रूपये प्रति छात्र सुविधा शुल्क वसूला। प्रधानाचार्य के मना करने के बावजूद यह शुल्क लिया गया। तहरीर के अनुसार 14 फरवरी को तीनों आरोपी विद्यालय परिसर स्थित प्रधानाचार्य के कार्यालय में आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए प्रधानाचार्य को जान से मारने की धमकी दी और उनका पीछा किया। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया। प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया है कि प्रबंधक विद्यालय की सभी निधियों से संबंधित पासबुक और चेकबुक अपने साथ ले गए हैं। वे उनसे जबरन हस्ताक्षर कराकर फंड से मनमानी निकासी कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, प्रधानाचार्य पर इस्तीफा देकर विद्यालय छोड़ने का दबाव भी बनाया जा रहा है। एसओ अमित कुशवाहा ने पुष्टि की कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रबंधक और अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित