नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और सांसद बाँसुरी स्वराज रविवार को पार्टी के पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा की ओर से पंचशील एनकलेव में स्थापित छठ पूजा पंडाल में खरना पूजन में सम्मिलित हुए और उपस्थित व्रतधारियों और पूर्वांचल समाज के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाऐ दीं।
श्री सचदेवा ने कहा, " छठ महापर्व मुख्यत: सूर्य देव और नदियों के पूजन का अवसर है, जो हमें प्रकृति के महत्व को समझता है और प्रकृति पूजन को प्रेरित करता है।"उन्होंने कहा कि जैसे- जैसे पूर्वांचल के लोग देश के विभिन्न कोनों में बस रहे और वहां छठ महापर्व मना रहे हैं, वैसे -वैसे इस प्रकृति पर्व छठ से देश के अन्य लोग भी जुड़ रहे हैं और वो दिन दूर नहीं जब छठ महापर्व पूरे देश का पूजा पर्व बन जायेगा। जैसे गणेश उत्सव आज महाराष्ट्र का ही नहीं, पूरे देश का उत्सव बन गया है। उसी तरह से छठ महापर्व भी पूरे देश के लिए एक त्योहार बन जाएगा।
इस मौके पर पार्टी के संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, विधायक शिखा रॉय और श्री चंदन चौधरी, जिला अध्यक्ष रविन्द्र चौधरी, मोर्चा महामंत्री संजय तिवारी और श्री जगदंबा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता विक्रम बिधूड़ी, प्रदेश मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल और मोर्चा उपाध्यक्ष अमित मिश्रा भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित