बारां , मई 01 -- राजस्थान में बारां जिले के अटरू क्षेत्र स्थित चारड़ाना गांव का रामतलाई बालाजी धाम इन दिनों आस्था का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।

यहां बालाजी विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित पंचकुण्डीय श्रीराम महायज्ञ में देशभर से संत-महात्मा, श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि जुट रहे हैं। महायज्ञ का समापन तीन मई को शीतला माता मंदिर के भव्य लोकार्पणके साथ होगा, जिसे धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।

आयोजन समिति के अनुसार समापन दिवस पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार में शिक्षा एवं पंचायतराज मंत्री मदन दिलावर शामिल होंगे। इसके अलावा विधायक राधेश्याम बैरवा, डॉ. ललित मीणा और उप जिला प्रमुख छीतरलाल पालरिया भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। चारड़ाना सरपंच कृष्णमुरारी दिलावर ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर प्रेसवार्ता में बताया कि यह आयोजन क्षेत्रीय सीमाओं को पार कर अब व्यापक आस्था का केंद्र बन चुका है। देशभर के विभिन्न अखाड़ों और मठों से आए संतों के सानिध्य से आयोजन को विशेष धार्मिक महत्व मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि रामतलाई बालाजी धाम की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी इसे विशिष्ट बनाती है। वर्ष 2007 में यहां संतों द्वारा शाही स्नान का आयोजन किया गया था, जिसे कुंभ के अलावा देश में अपनी तरह का अनूठा धार्मिक आयोजन माना जाता है। सात पवित्र नदियों के जल से अभिमंत्रित इस स्थल को संतों ने तीर्थ का दर्जा दिया, जिसके बाद से यह स्थान निरंतर श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

उधर, महायज्ञ को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह है। प्रशासन द्वारा भी भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। इस आयोजन के माध्यम से चारड़ाना का रामतलाई धाम धार्मिक पर्यटन और आस्था के नये केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित