संतकबीरनगर 25फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान संतकबीरनगर जिले के एक परीक्षा केन्द्र पर सामूहिक नकल पकड़ी गई है। डीआईओएस ने आंतरिक व बाह्य केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया है तथा इसकी रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को भेजी है।

डीआईओएस हरिश्चंद्र नाथ ने यहाँ बताया कि सोमवार को द्वितीय पाली में एएच इंटर कॉलेज पैड़ी का निरीक्षण किया था, जहां सामूहिक नकल मिलने पर वहां के केंद्र व्यवस्थापक और वाह्य केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया गया है। उनकी जगह नए केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की है। डीआईओएस की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।

श्री नाथ ने सोमवार की शाम को द्वितीय पाली में 4:45 बजे एएच इंटर कॉलेज पैड़ी का निरीक्षण किया। शाम की पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल कराई जा रही थी। वहां मौजूद शिक्षकों के जरिये बोलकर उत्तर लिखवाए जा रहे थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक और सह केंद्र व्यवस्थापक से पूछताछ की तो कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दे पाए।

उन्होंने एक-एक कर शिक्षकों से पूछताछ की। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र पर अन्य अनियमितताएं मिलीं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक प्रधानाचार्य रिजवान अहमद और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक रईस अहमद को हटा दिया है। इसके साथ ही राजकीय हाईस्कूल सालेहपुर के प्रधानाचार्य रणजीत कुमार चौरसिया को केंद्र व्यवस्थापक, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बौरव्यास के प्रधानाचार्य अवधराज कन्नौजिया को वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और एएच इंटर कॉलेज पैड़ी के प्रवक्ता इसरार अहमद को सह केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। ये लोग अब बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित