संतकबीरनगर , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार बखिरा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदनी उर्फ देउरवा निवासी जितेंद्र यादव (25) अपने छोटे भाई राजन को हाईस्कूल की परीक्षा दिलाने के लिए मोटरसाइकिल से खलीलाबाद स्थित सीबी मिश्रा इंटर कॉलेज, पटखौली जा रहे थे। खलीलाबाद के बनकटिया बड़गो के पास उनकी बाइक की आमने-सामने एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। राजन के हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
मृतक के पिता सर्वजीत यादव ने बताया कि जितेंद्र चार भाइयों में सबसे बड़ा था। राजन हीरालाल इंटर कॉलेज का छात्र है और शुक्रवार को उसकी परीक्षा थी, जिसके लिए जितेंद्र उसे परीक्षा केंद्र छोड़ने जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित