संतकबीरनगर , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले की खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आशुतोष राना पुत्र सतीशचंद्र और सुरेंद्र पुत्र भोला को डंड़वा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तीन बैटरियां, एक गैस सिलेंडर, 1130 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि पहला मामला उच्च प्राथमिक विद्यालय सरौली चहारुम से गैस सिलेंडर, रेडियो व अन्य सामान चोरी का है। दूसरी घटना में रगड़गंज गोला बाजार स्थित मोबाइल टावर से बैटरियां चोरी हुई थीं, जबकि तीसरे मामले में नवीन सब्जी मंडी से एक टेंपो की बैटरी चोरी की गई थी।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सरौली गांव के विद्यालय का ताला तोड़कर सामान चोरी कर लिया था और उसे राह चलते लोगों को बेच दिया। इसके अलावा उन्होंने मोबाइल टावर और टेंपो से भी बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित