संतकबीरनगर , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने कोडीन युक्त औषधियों के गैर-चिकित्सीय उपयोग और अवैध बिक्री के आरोप में तीन मेडिकल स्टोर संचालकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विवेक कुमार चौधरी (न्यू चौधरी मेडिकल स्टोर, बघौली), विवेक चौधरी (लक्ष्मी मेडिकल स्टोर, गड़सरपार) और मोहम्मद नईम (आदर्श मेडिकल स्टोर, मगहर) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यहाँ बताया कि क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे के नेतृत्व में गठित टीम ने इन अभियुक्तों को उनके प्रतिष्ठानों से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई औषधि निरीक्षक खलीलाबाद श्रीमती प्रीति सिंह द्वारा 21 नवंबर 2025 को दी गई लिखित सूचना के आधार पर की गई। श्रीमती प्रीति सिंह की तहरीर पर थाना कोतवाली खलीलाबाद में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसपी ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, मिलावटी दवाओं या नशीले पदार्थों से संबंधित जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित