संतकबीरनगर , जनवरी 05 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थानाध्यक्ष मेंहदावल, थाने के एक दारोगा तथा हेड मुहर्रिर को परेड का आदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक ने उक्त पुलिस कर्मियों पर आपरेशन क्लीन में लापरवाही बरतने के आरोप में कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यहाँ बताया कि सोमवार को थाना मेंहदावल का वार्षिक निरीक्षण किया। इसके बाद थाना क्षेत्र में कार्यरत ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक की और उनकी समस्याओं को सुनकर तत्काल निस्तारण हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया। साथ ही उनको ठण्ड से बचाव के लिये कंबल वितरित किया गया।
एसपी ने बतिया कि महिला सशक्तिकरण पर आयोजित गोष्ठी में प्रतिभाग करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। वहीं ग्राम सुरक्षा प्रहरियों को जागरूक किया। एसपी ने बताया कि ऑपरेशन क्लीन के तहत मालखाना निस्तारण में शिथिलता बरतने पर थानाध्यक्ष मेंहदावल सुरेन्द्र कुमार सिंह, उ.नि. हरिनारायण दीक्षित व हेड मुहर्रिर/ हे.कां. गिरजेश मिश्रा को अग्रिम आदेश तक परेड हेतु आदेशित किया है।
उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार के लिये संबंधित को समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने महिला हेल्प डेस्क/पिंक बूथ पर नियुक्त महिला पुलिस कर्मी को आने वाली महिला फरियादियों की समस्या को सहानुभूतिपूर्वक सुनकर उनका तत्काल निस्तारण करते हुए महिला कर्मियों को बीट में जाकर महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी प्रदान करने के लिए आदेशित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित