संतकबीरनगर 11फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद अंतर्गत शहर के मीट मंडी में स्थित ब्रिटेन की नागरिकता ले चुके मौलाना शमशुल हुदा के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। सुबह 08 बजे से जारी है। ईडी की टीम घर के भीतर मौजूद परिजनों से पूछताछ कर रही है। छापेमारी स्थल के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी व्यक्ति को घर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सूत्रों के अनुसार अनुसार ईडी की टीम मौलाना की पत्नी और बहू से पूछताछ कर रही है, जबकि उनका बेटा तौसीफ रजा घर पर मौजूद नहीं बताया जा रहा है।
इस पूरे मामले की जांच आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) भी कर रहा है। एटीएस की जांच में यह सामने आया था कि मौलाना शमशुल हुदा ने वर्ष 2013 में भारतीय नागरिकता त्याग कर ब्रिटेन की नागरिकता ले ली थी। वह वर्ष 2007 से लंदन में रह रहे थे। इसके बावजूद आधिकारिक अभिलेखों में उन्हें वर्ष 2017 तक आजमगढ़ स्थित एक मदरसे में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत दर्शाया गया। इस दौरान वेतन और पेंशन का लाभ लेने का भी मामला सामने आया है। अनियमितताओं के उजागर होने के बाद संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित