चंडीगढ़ , फरवरी 26 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने गुरुवार को मंडी गोबिंदगढ़ के वजीराबाद स्थित इंडस्ट्रियल पार्क में कारगिल प्राइवेट लिमिटेड के नवनिर्मित डेयरी फीड प्लांट का उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक इकाई 300 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित की गयी है।

समारोह को संबोधित करते हुए संजीव अरोड़ा ने कहा, "राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दूरदर्शी नेतृत्व में, 'इन्वेस्ट पंजाब' पहल के माध्यम से पंजाब में बड़े औद्योगिक निवेश हो रहे हैं। ये निवेश युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं और पंजाब के समग्र आर्थिक विकास को गति दे रहे हैं।"उन्होंने कहा, "बढ़ता निवेशक विश्वास स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि पंजाब निवेश के लिए, विशेष रूप से कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में एक पसंदीदागंतव्य के रूप में उभर रहा है।"कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 15 एकड़ में फैला यह कारगिल प्लांट 4.5 लाख टन की वार्षिक उत्पादन क्षमता के साथ दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा डेयरी फीड प्लांट है। बठिंडा के बाद पंजाब में कारगिल की यह दूसरी बड़ी इकाई है।

उन्होंने बताया कि यह प्लांट डेयरी किसानों को स्थानीय स्तर पर उच्च गुणवत्ता वाला पशु आहार उपलब्ध कराएगा, जिससे दूध की पैदावार, गुणवत्ता और किसानों की आय में सुधार होगा।

मीडिया से बातचीत के दौरान संजीव अरोड़ा ने जानकारी दी कि 13 से 15 मार्च तक मोहाली में आयोजित होने वाले 'प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026' में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों की बड़ी भागीदारी की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंजाब जल्द ही अन्य राज्यों को दूध की आपूर्ति करने वाला अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित