चंडीगढ़ , मार्च 05 -- पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली एवं स्थानीय सरकार मंत्री संजीव अरोड़ा ने गुरुवार को मुंबई में देश के दिग्गज उद्योगपतियों को 13 से 15 मार्च 2026 तक प्लाक्षा यूनिवर्सिटी, मोहाली में आयोजित होने वाले 'प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026' में भाग लेनेके लिए आमंत्रित किया।
श्री अरोड़ा ने टाटा संस के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन, सन फार्मा के अध्यक्ष दिलीप सांघवी, टाटा पावर के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रवीर सिन्हा और एस्सार ग्रुप के अंशुमन रुइया से मुलाकात की। बैठक के दौरान मंत्री ने लुधियाना में टाटा स्टील की मौजूदगी का जिक्र करते हुए उन्नत विनिर्माण और स्टील इकोसिस्टम को और मजबूत करने पर चर्चा की। इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स में सहयोग की संभावनाओं को तलाशा गया। श्री चंद्रशेखरन ने पंजाब सरकार की निवेश समर्थक नीतियों की सराहना की।
श्री सांघवी और मुख्य परिचालय अधिकारी आलोक सांघवी के साथ बैठक में पंजाब को फार्मास्युटिकल्स और हेल्थकेयर इनोवेशन का हब बनाने पर जोर दिया गया। चर्चा के मुख्य बिंदुओं में फार्मा विनिर्माण सुविधाओं का विस्तार, एपीआई और बल्क ड्रग उत्पादन में निवेश, पंजाब के मजबूत कृषि इकोसिस्टम का लाभ उठाते हुए न्यूट्रास्युटिकल और वेलनेस उत्पादों का विकास शामिल रहे।
टाटा पावर के प्रबंध निदेशक डॉ प्रवीर सिन्हा के साथ मुलाकात में स्वच्छ ऊर्जा और बिजली के बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित किया गया। मंत्री ने कृषि-सौरकरण की पहल पर चर्चा की ताकि किसानों की बिजली लागत कम हो सके। टाटा पावर ने पंजाब में अपनी मौजूदा 100 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना का उल्लेख करते हुए राज्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।
एस्सार ग्रुप के निदेशक अंशुमन रुइया के साथ बैठक में मोहाली-चंडीगढ़ कॉरिडोर में डेटा सेंटर और डिजिटल बुनियादी ढांचे के विकास पर चर्चा हुई।
साथ ही ग्रीन एनर्जी और वैकल्पिक ईंधन लॉजिस्टिक्स के माध्यम से सहयोग की संभावनाओं पर भी बात हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित