कानपुर , मार्च 06 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की समन्वय बैठक में भाग लेने के लिये कानपुर आयेंगे।

यह बैठक नवाबगंज क्षेत्र में स्थित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म इंटर कालेज में आयोजित की गयी है जिसमें संघ के अनुषांगिक संगठनो के जिला प्रमुख के अलावा दोनो प्रांत के संघ चालक,प्रांत प्रचारक और अखिल भारतीय पदाधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपेड पर सुबह करीब 11 बजे उतरेंगे और वहां से सीधे बैठक में शामिल होने जायेंगे। संघ के सूत्रों के अनुसार बैठक का एजेंडा संघ और संगठन के बीच तालमेल और इसका सरकार के स्तर पर किस तरह अमल हो, पर केंद्रित होगा। बैठक में जनता से जुड़े मुद्दों, खास तौर पर गरीबी रेखा के नीचे गुजर बसर करने वाले और मलिन बस्तियों पर रहने वाले वर्ग पर खास तौर मंथन किया जा सकता है। बैठक में संघ के अनुषांगिक संगठन और भाजपा संगठन के बीच तालमेल और सहयोग को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है। प्रदेश के अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह बैठक चुनावी रणनीति के लिहाज से अति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किये गये हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच एंटी-सैबोटाज चेकिंग, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की तैनाती सुनिश्चित की गयी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सड़क मार्ग से कानपुर पहुंचेंगे। जाजमऊ पुल पर उनका स्वागत भाजपा के स्थानीय नेता और जनप्रतिनिधि करेंगे।

लगभग तीन घंटे के शहर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री दादानगर औद्योगिक क्षेत्र में बनी प्रदेश की पहली फ्लैटेड फैक्ट्री का भी शुभारंभ कर सकते हैं। साथ ही पार्टी विधायक महेश त्रिवेदी के किदवई नगर स्थित आवास भी जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित