नई दिल्ली/पटना , दिसंबर 14 -- भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा बिहार भाजपा के कद्दावर नेता थे।

पिता के निधन के बाद मात्र 26 साल की उम्र में विधायक बनने वाले श्री नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष का पद भी मात्र 45 साल की उम्र में मिला है। वह नए पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन तक इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।

नितिन नबीन का जन्म प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार में 1 सितंबर 1980 को पटना में हुआ। उनके पिता पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे। पिता की राजनीतिक विरासत और जनसेवा की परंपरा ने नितिन नबीन को प्रारंभ से ही राजनीति की ओर प्रेरित किया।

श्री नबीन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नई दिल्ली के सीएसकेएम पब्लिक स्कूल से प्राप्त की और 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई वहीं से पूरी की।

श्री नबीन ने पिता के निधन के बाद वर्ष 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा। परिसीमन के बाद यह सीट बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र बनी। इसके बाद उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की। इस तरह वे पांच बार के विधायक बन चुके हैं और क्षेत्र में मजबूत जनाधार रखते हैं।

श्री नबीन ने बिहार सरकार में कई अहम मंत्रालयों का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है। वे पथ निर्माण मंत्री, शहरी विकास एवं आवास मंत्री तथा कानून एवं न्याय मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके कार्यकाल में बुनियादी ढांचे और शहरी विकास से जुड़े कई फैसलों को गति मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित