ऋषिकेश , मार्च 31 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा के उत्तराखंड में ऋषिकेश आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने मंगलवार को श्री सिन्हा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ अग्रवाल ने कहा कि श्री सिन्हा एक कुशल संगठनकर्ता और दूरदर्शी नेता हैं, जिनका मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की देशभर में मजबूती संगठन के समर्पित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें जनकल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक और विकासपरक कार्य कर रही हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचायें।

इस अवसर पर पार्टी राष्ट्रीय मंत्री सिन्हा ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, जिसके बल पर पार्टी निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित