खरगोन , मार्च 06 -- मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में गुरुवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र के बीटीआई रोड पर घर के बाहर टहल रही एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग महिला पर श्वानों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार नगरपालिका खरगोन की सेवानिवृत्त कर्मचारी 72 वर्षीय प्रतिभा मोडक गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान अचानक श्वानों का एक झुंड उनकी ओर दौड़ पड़ा और उन पर हमला कर दिया। हमले से घबराकर महिला भागने लगीं, लेकिन कुछ ही दूरी पर गिर गईं। इसके बाद श्वानों ने उन्हें काट लिया।
घटना के समय सड़क से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के लोगों ने महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर श्वानों पर पत्थर फेंके और उन्हें भगाया। इसके बाद लोगों ने घायल महिला को उठाकर एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। हालंकि इस घटना के बाद शहर में आवारा श्वानों की समस्या को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।
नगर पालिका परिषद खरगोन की मुख्य नगरपालिका अधिकारी कमला कौल ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में आते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि खरगोन शहर में करीब 12 हजार आवारा श्वान चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से अब तक लगभग 6 हजार श्वानों को पकड़कर उनकी नसबंदी कराई जा चुकी है और एंटी रेबीज टीका लगाया गया है। उन्होंने बताया कि नियमों के अनुसार नसबंदी के बाद श्वानों को उसी स्थान पर छोड़ना पड़ता है। कई बार गैर सरकारी संगठन भी श्वानों को पकड़ने की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित