जमुई , अप्रैल 05 -- जमुई जिले के बरुअटटा इलाके में रविवार को बिहार सरकार की सूचना प्रौद्योगिकी एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने नव निर्मित उत्क्रमित उच्च विद्यालय का उद्घाटन किया।

इस स्कूल के शुरू होने से अब स्थानीय बच्चों को प्लस टू तक की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे ग्रामीणों में काफी खुशी देखने को मिली है।

इससे पहले इस क्षेत्र में कक्षा एक से आठवीं तक पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध थी। आगे की पढ़ाई के लिए छात्र-छात्राओं को करीब सात किलोमीटर दूर शहर जाना पड़ता था, जो कई बार आर्थिक और सामाजिक कारणों से संभव नहीं हो पाता था। ऐसे में इस नए स्कूल के खुलने से इलाके के बच्चों के लिए शिक्षा की राह आसान हो गई है।

उद्घाटन के मौके पर मंत्री श्रेयसी सिंह का गांव की महिलाओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि यह स्कूल सिर्फ सरकार का नहीं, बल्कि हर ग्रामीण परिवार का है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्कूल के विकास और रखरखाव में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सभी मिलकर प्रयास करें तो किसी भी समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर भी संभव है।

मंत्री ने आगे कहा कि जमुई के विकास लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित