जमुई , नवंबर 05 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि निर्वाचित होने के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) उम्मीदवार श्रेयशी सिंह जमुई क्षेत्र और बिहार की आवाज बनेंगी।
श्री सिंह ने जमुई विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस क्षेत्र की भाजपा उम्मीदवार श्रेयसी सिंह उनके अभिन्न मित्र दिग्विजय सिंह की बेटी है और आज इस मंच पर पहली बार सुश्री सिंह को बोलते हुए सुन कर उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि श्रेयसी सिंह में जो प्रतिभा है उसे देख कर महसूस होता कहा कि वह बिहार का भविष्य है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एनडीए के लोग कहते हैं, 'आईये ना हमारे विकसित बिहार में, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लोग कहा करते थे कि ठोक देंगे कट्टा कपार में।' उन्होंने कहा कि राजद के शासक निरंकुश सत्ता चलाते थे, जिसका समर्थन नही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शासकों को संवेदनशील और जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजद पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे थे, लेकिन 20 साल अबाध काम करने के बाद भी कोई कह नहीं सकता है कि नीतीश कुमार भ्रष्ट हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने ईमानदारी से बिहार में व्यवस्था चलाई है और अब जनता की बारी है कि एनडीए के पक्ष में मतदान करे।
श्री सिंह ने कहा कि किसानों को केंद्र से 6000 सालाना मिलते हैं और अब एनडीए की सरकार बनने के बाद 9000 मिलेंगे। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों को रोजगार के लिए 10000 मिला है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार जो कहती हैं, वह करती हैं और सरकार का प्रण है, 'प्राण जाए पर वचन न जाए।' उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बने थे, उस समय भारत की दशा खराब थी। आज सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के मामले में भारत 11वें पायदान से चौथे पायदान पर आ गया है। विश्व के वित्तीय संगठन कह रहे हैं कि भारत जल्द ही तीसरे स्थान पर आ जाएगा। उन्होंने कहा कि आज सारी दुनिया सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गाँधी सता के लोभ में कुछ भी बोलते रहते हैं। श्री गाँधी सेना में भी आरक्षण की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि सेना के जवानों ने देश का नाम ऊंचा किया है और वहां आरक्षण की बात कहना गलत होगा। उन्होंने कहा कि सेना नौकरी नही, एक धर्म है, सैन्य धर्म। उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकियों ने धर्म पूछ पूछ कर लोगों को मारा था। उसके बाद सेना सेना को पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया और प्रधानमंत्री ने सेना के उच्च पदाधिकारियों के साथ बैठक में उन्हें पूरी करवाई की छूट दी। उन्होंने कहा कि भारत ने पूरे विश्व को अपना बंधु माना है और दुनिया में केवल भारत ही ऐसा देश है जो इस विचार के साथ चलता है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी समाप्त नहीं हुआ है, केवल स्थगित हुआ है। भारत को जो छेड़ता है, उसे भारत छोड़ता नहीं है और अब यही देश की है। उन्होंने कहा कि एनडीए का घोषणा पत्र जारी हुआ है, यह घोषणा पत्र नहीं अटल प्रतिज्ञा है। उन्होंने कहा कि बिहार विकसित होगा तो देश भी विकसित होगा।
भाजपा के नेता ने कहा कि जो रुझान सामने आये हैं, उनके हिसाब से श्रेयसी जमुई में रिकॉर्ड और एनडीए बिहार में दो तिहाई बहुमत से जीत की और बढ़ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित