देवबंद (सहारनपुर) , मार्च 31 -- सहारनपुर में देवबंद के ऐतिहासिक श्री मां त्रिपुर बाला सुंदरी देवी मंदिर में वार्षिक मेले का मंगलवार को भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सहारनपुर मनीष बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह तथा एसपी देहात सागर जैन ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने मेला परिसर का गहन निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए भी कहा गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, सुगम आवागमन और कतार प्रबंधन व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया, ताकि दर्शन के दौरान किसी को कोई परेशानी न हो। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने और मेले को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सहारनपुर पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांति और अनुशासन बनाए रखें तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि मेला सकुशल संपन्न हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित