चंडीगढ़, दिसंबर 15 -- पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सोमवार को पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री तथा पंजाब के पूर्व राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक शिवराज पाटिल के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि श्री पाटिल का 12 दिसंबर को निधन हो गया था।
पंजाब लोक भवन में पुष्पांजलि अर्पित करते हुए राज्यपाल कटारिया ने कहा कि श्री पाटिल के निधन से देश ने एक अनुभवी राजनेता, सक्षम प्रशासक और सम्मानित सांसद को खो दिया है। उन्होंने कहा, "हम श्री शिवराज पाटिल जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं।"राज्यपाल ने कहा कि 12 अक्टूबर 1935 को जन्मे श्री पाटिल एक प्रतिष्ठित जननेता थे, जिन्होंने अपने दीर्घ और गौरवपूर्ण सार्वजनिक जीवन में अनेक महत्वपूर्ण संवैधानिक एवं संसदीय पदों पर कार्य किया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक के रूप में राष्ट्र की महत्वपूर्ण सेवा की तथा राजस्थान के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला।
इस अवसर पर राज्यपाल के साथ पंजाब लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित