रुद्रप्रयाग , मई 03 -- उत्तराखंड में श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर छोटी लिनचोली क्षेत्र में बर्फ पर सेल्फी लेने के दौरान संतुलन बिगड़ने से यात्री फिसल कर गिर गया।

इस घटना की सूचना पर राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) टीम ने घायल को सुरक्षित रूस से बचा लिया और उसे अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस चौकी लिनचोली से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम एसडीआरएफ को सूचना मिली कि छोटी लिनचोली क्षेत्र में कुछ यात्री फंसे हुए हैं। इस पर मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचकर टीम ने पाया कि एक यात्री बर्फ पर चढ़कर सेल्फी ले रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह घायल हो गया। अन्य यात्री सुरक्षित नीचे उतर आए थे। एसडीआरएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल को प्राथमिक उपचार दिया और स्ट्रेचर के माध्यम से नीचे लाकर छोटी लिनचोली अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की पहचान अनूप रैकवार (42 वर्ष), निवासी विदिशा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित