चंडीगढ़ , दिसंबर 12 -- पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार को राज्य के पूर्व राज्यपाल शिवराज पाटिल के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
श्री कटारिया ने आज अपने शोक संदेश में कहा कि अपने विस्तृत राजनीतिक जीवन में श्री पाटिल ने केंद्रीय मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक के रूप में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने राजस्थान के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला, जो उनकी दक्षता, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने अपने लंबे, समर्पित एवं गरिमापूर्ण सार्वजनिक जीवन में उच्चतम संवैधानिक और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र की उत्कृष्ट सेवा की।
राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र, समाज और संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुपम थी। विवेकपूर्ण चिंतन, संतुलित नेतृत्व और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा ने उन्हें भारतीय राजनीति में एक विशिष्ट और सम्मानित स्थान प्रदान किया। उनका जीवन-कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित