चंडीगढ़ , अप्रैल 08 -- आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद मलविंदर सिंह कंग ने बुधवार को कहा किसिखों की सर्वोच्च संस्था, श्री अकाल तख्त साहिब की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना शिरोमणि अकाली दलके अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की हताशा और सिख मर्यादा के प्रति उनके सम्मान की कमी को दर्शाता है।

श्री कंग ने कहा कि जिस तरह से श्री बादल अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख अब पवित्र संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने याद दिलाया कि जब श्री बादल को पहले श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा तलब किया गया था, तो उन्होंने गुरु महाराज की पावन उपस्थिति में अपनी सभी गलतियां स्वीकार की थीं। पूरी दुनिया ने लाइव प्रसारण के माध्यम से उन्हें अपनी गलतियां मानते हुए देखा था। उसके तुरंत बाद श्री मुक्तसर साहिब में एक रैली के दौरान उन्होंने अपने सुर बदल लिये और से दावा किया कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है। यह दोहरा चरित्र उनके अहंकार और सिख समुदाय के प्रति उनकी उपेक्षा को दर्शाता है। श्री बादल के उस हालिया बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब में अपने खिलाफ 'साजिश' होने का आरोप लगाया था, श्री कंग ने कहा कि ऐसा घोर अनादर या गलती तो कोई गैर-सिख भी नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जब पांच सिंह साहिबान ने गुरु महाराज की उपस्थिति में बैठकर सिख मर्यादा और गौरवशाली इतिहास के आधार पर फैसला सुनाया, तो उसे 'साजिश' करार देना एक शर्मनाक कृत्य है। श्री कंग ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब और सिख पंथ के खिलाफ जो गलतियां की हैं, उनके लिए पंजाब की जनता उन्हें लगातार सजा दे रही है। अब, जिस तरह से उन्होंने सिखों की सर्वोच्च संस्था की विश्वसनीयता और फैसलों पर सवाल उठाया है, उसके लिए पूरा पंथ उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। आने वाले समय में कौम और संगत उन्हें इस कृत्य के लिए जवाबदेह ठहराएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित