कोलंबो , नवंबर 07 -- श्रीलंका और बंगलादेश के विदेश मंत्रालयों ने आठ साल के बाद गुरुवार को कोलंबो में शिखर वार्ता का आयोजन किया।

श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इसकी सह-अध्यक्षता श्रीलंका के विदेश सचिव अरुणी रणराजा और बांग्लादेश के विदेश सचिव असद आलम सियाम ने की।

मंत्रालय ने कहा कि श्रीलंका ने बंगलादेश में अपने निवेश और प्रवासियों की उपस्थिति पर प्रकाश डाला और बांग्लादेशी निवेशकों को श्रीलंका में विकास परियोजनाओं, रसद सेवाओं, खेती और पर्यटन से संबंधित उपक्रमों में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।

श्रीलंका ने वित्तीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए बैंकिंग सेवाओं में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की। साथ ही हरित पर्यटन में भागीदारी और समुद्री संपर्क को मजबूत करने की संभावना भी तलाशी।

श्रीलंका ने बंगलादेश की नर्सों के लिए वार्षिक प्रशिक्षण में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव रखा और दोनों देशों की राष्ट्रीय संवाद समितियों के बीच सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।

बंगलादेश ने श्रीलंका के मौजूदा निवेश की सराहना करते हुए श्रीलंका से फार्मास्यूटिकल्स, आतिथ्य, पर्यटन, ऑटोमोबाइल, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि प्रसंस्करण, चमड़ा और जूते के क्षेत्र में और अधिक निवेश करने का आह्वान किया।

बयान में कहा गया है कि बंगलादेश ने श्रीलंकाई किसानों को कृषि संबंधी अनुभव प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया। साथ ही पशुपालन क्षेत्र में सहयोग की पेशकश की और गहरे समुद्र में मछली पकड़ने में श्रीलंका की विशेषज्ञता में रुचि व्यक्त की।

दोनों पक्ष व्यापार सुगमता पर काम करने, निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने और व्यापार, निवेश और संपर्क को बढ़ावा देने के लिए लंबित कानूनी दस्तावेजों को अंतिम रूप देने पर सहमत हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित