अलवर , जनवरी 22 -- अयोध्या में श्रीरामलला की ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूर्ण होने पर राजस्थान में अलवर जिले का नाैगांवा कस्बा गुरुवारको पूरी तरह राममय नजर आया।
सुबह से ही कस्बे में उत्सव का माहौल रहा और दोपहर होते-होते श्रद्धा और जोश का ऐसा सैलाब उमड़ा कि हर गली-मोहल्ला 'जय श्रीराम' के जयघोष से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर 1100 पवित्र कलशों के साथ भव्य कलश एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
यात्रा नौगांवा स्थित कुटी से विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुई, जो कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई जैन वाटिका पहुंची। सिर पर कलश धारण किये महिलायें भक्ति भाव से आगे बढ़ती रहीं, तो वहीं युवा भगवा ध्वज लहराते हुए जयकारे लगाते नजर आये। शोभायात्रा की भव्यता देखते ही बनती थी। सजे-धजे रथों पर भगवान श्रीराम, शिवशंकर और बजरंगबली की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं का मन मोह रही थीं। हाथी, ऊंट और घोड़े शोभायात्रा की शान बने हुये थे। चौदह डीजे पर बजते भजन और रामधुन ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया। रंगीन आतिशबाजी ने आसमान तक को रामभक्ति के रंग में रंग दिया।
नगर पालिकाध्यक्ष राजीव सैनी एवं ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिली। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी भक्ति में लीन नजर आये। जगह-जगह पुष्पवर्षा करके शोभायात्रा का स्वागत किया गया। कस्बे के बाजारों और मकानों को भगवा ध्वजों एवं फूलों से सजाया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शोभायात्रा के दौरान कई थानों का पुलिस जाप्ता तैनात रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित