लखनऊ , जनवरी 21 -- श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं मणिराम छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत अचानक फिर बिगड़ने पर बुधवार को इलाज के लिए उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर विशेषज्ञों की देख रेख में उनका उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि महंत ने पिछले 36 घंटे से कुछ भी नहीं खाया है। उल्टी दस्त की समस्या के बाद महंत नृत्य गोपाल दास को लगातार कमजोरी महसूस होने पर चिकित्सक की निगरानी में रखा गया, लेकिन वह कुछ भी अन्न ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं।

अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने उनके भर्ती होने की पुष्टि करते हुए कहा कि अभी आधे घण्टे पूर्व आये हैं। इमरजेंसी में महंत नृत्य गोपाल दास की जांच चल रही है। जांच के आधार पर इलाज की दिशा तय की जाएगी।

उनके उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने बताया कि महंत जी की अभी जांच चल रही है। महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत खराब होने की खबर से संत समाज, रामभक्तों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रार्थनाएं की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित