भरतपुर , जनवरी 23 -- राजस्थान में भरतपुर के भुसावर में शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर लक्ष्मी नगर में संगीतमय श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ 551 महिलाओं की मंगल कलश यात्रा से हुआ।

कार्यक्रम स्थल से बैंड-बाजों के साथ शुरू हुई कलश यात्रा बस स्टैंड, हिंडौन रोड, कानूनगो कॉलोनी, अनाज मंडी, मुख्य बाजार, सपाट से होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पहुंची। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न जगहों पर पुष्प वर्षा करके यात्रा का स्वागत किया गया।

इस दौरान भजनों पर नृत्य करती महिलाएं भी नजर आयीं। वृंदावन के कथावाचक पंडित योगेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज ने कथा के पहले दिन श्रीमद भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने श्रोताओं को सुकर्म के मार्ग पर चलने, जरूरतमंदों की सेवा करने और राधा नाम संकीर्तन के माध्यम से जीवन व्यतीत करने का संदेश दिया।

कथा प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। इसका समापन 30 जनवरी को पूर्णाहुति और भंडारे के साथ होगा। कलश यात्रा के दौरान ठाकुर जी का नगर भ्रमण भी हुआ, जहां भक्तों ने आरती उतारकर देश में खुशहाली की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित