श्रीनगर , मई 01 -- जम्मू-कश्मीर के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को यहां एक पुलिस हेड कांस्टेबल को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

एसीबी के सूत्रों ने बताया कि हेड कांस्टेबल परवेज अहमद राथर को रिश्वत की राशि लेते समय रंगे हाथों पकड़ा गया। यह गिरफ्तारी एसीबी को मिली लिखित शिकायत पर की गयी थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने सौरा पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी संख्या 09/2026 में आरोपियों की सूची से शिकायतकर्ता का नाम हटाने के लिए 15,000 रुपये की मांग की थी।

सूचना के आधार पर और उक्त लोक सेवक के खिलाफ लगाये गये आरोपों को सत्यापित करने के लिए एसीबी श्रीनगर के एक नामित अधिकारी के माध्यम से मामले की गोपनीय जांच की गयी। उक्त आरोपी ने 50,000 रुपये की मांग की थी। इसे शिकायतकर्ता का नाम आरोपियों की सूची से हटाने के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत पर तय किया गया था। इस मामले की जांच उक्त हेड कांस्टेबल द्वारा की जा रही थी।

जांच के दौरान जाल बिछाने के लिए टीम का गठन किया गया। इसमें उक्त हेड कांस्टेबल को जिला पुलिस लाइन्स श्रीनगर के पास शिकायतकर्ता से चेक से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया और मौके पर ही बरामदगी भी की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित