श्रीनगर , नवंबर 07 -- जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया जबकि श्रीनगर में मौसम की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जहाँ न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया तथा घाटी में औसत तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हाल ही में हुई हिमपात के कारण घाटी में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आयी है और कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। अनंतनाग जिले के पर्वतीय रिसॉर्ट पहलगाम में शून्य से नीचे 3.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया जो कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा।

जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात थी। तापमान सामान्य 1.9 से गिरकर 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग ने घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोकरनाग में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में तापमान शून्य से नीचे 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान केन्द्र शासित प्रदेश में मुख्यतः मौसम शुष्क रहने का अनुमान व्यक्त किया है। इसके साथ ही विभाग ने यह भी कहा है कि अगले दो दिनों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है, जिससे पूरे क्षेत्र में शुष्क और ठंडी स्थिति यथावत रहने का अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित