श्रीनगर , अप्रैल 08 -- जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर की एक विशेष मोबाइल मजिस्ट्रेट अदालत ने करीब तीन दशक पुराने गुमशुदगी मामले में एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए जुलाई 1997 से लापता अब्दुल राशिद वानी को कानूनी रूप से मृत घोषित कर दिया है और अधिकारियों को उनके परिवार को उनका मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने का निर्देश दिया है।
उप-न्यायाधीश मस्सरत जबीन की अध्यक्षता में विशेष मोबाइल मजिस्ट्रेट की अदालत ने चार अप्रैल को वानीकी पत्नी फरीदा शबनम और उनके दो पुत्रों द्वारा दायर एक दीवानी मुकदमे पर फैसला सुनाते हुए यह आदेश पारित किया। सभी मदीना कॉलोनी, बेमिना के निवासी हैं।
परिवार ने उनकी मृत्यु की घोषणा और अधिकारियों को मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने का अनिवार्य निर्देश देने की मांग की थी, जिसमें 1997 से उनके लंबे समय तक लापता रहने और किसी भी तरह का सुराग नहीं मिलने का हवाला दिया गया था।
इस मामले में जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश मुख्य सचिव और श्रीनगर नगर निगम (एसएमसी) के जन्म एवं मृत्यु रजिस्ट्रार के माध्यम से प्रतिवादी था।
मामले के रिकॉर्ड के अनुसार, अब्दुल राशिद वानी को सात जुलाई, 1997 को श्रीनगर के रावलपोरा से सेना के जवानों ने एक अन्य स्थानीय निवासी फारूक अहमद भट के साथ हिरासत में लिया था। भट को बाद में रिहाकर दिया गया, लेकिन वानी कभी वापस नहीं लौटे और परिवार के बार-बार प्रयासों एवं कानूनी हस्तक्षेप के बावजूद उनका पता नहीं चल पाया।
परिवार ने इससे पहले उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जिसने आपराधिक मामला दर्ज करने कानिर्देश दिया था। बाद में श्रीनगर के सत्र न्यायाधीश द्वारा की गयी जांच के आधार पर परिमपोरा पुलिस स्टेशनमें प्राथमिकी दर्ज की गयी। जांच के बावजूद हालांकि वानी का पता नहीं चला।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान, वादी पक्ष ने परिवार के सदस्यों और एक पड़ोसी सहित कई गवाह पेश किये, जिन्होंने लगातार यह गवाही दी कि वानी को कथित रूप से हिरासत में लिए जाने के बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। प्रतिवादियों द्वारा खंडन में कोई सबूत पेश न करने के कारण उनकी गवाही को बड़े पैमाने पर चुनौती नहीं दी गयी।
अदालत ने पिछली जांच और प्राथमिकी जांच के निष्कर्षों को भी दोहराते हुए कहा, " इससे यह पता चलता है कि वास्तव में, आरोपी (एक मेजर) ने अब्दुल राशिद वानी की अपनी हिरासत में हत्या कर दी और उसके शव को ठिकाने लगा दिया। "अदालत ने साक्ष्यों की जांच करते समय साक्ष्य अधिनियम की धारा 108 के तहत कानूनी अनुमान पर भरोसा किया, जिसके अनुसार अगर किसी व्यक्ति से सात वर्षों तक उन लोगों द्वारा कोई संपर्क नहीं हुआ है, जिनसे स्वाभाविक रूप से संपर्क होना चाहिए था तो उसे मृत मान लिया जाता है। इस मामले में अनुपस्थिति 28 वर्षोंसे अधिक थी, जो वैधानिक आवश्यकता से कहीं अधिक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित