श्रीगंगानगर , दिसम्बर 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के केसरीसिंहपुर कस्बे के निकट कमीनपुर गांव में दी गंगानगर सरकारी शुगर मिल में बुधवार से गन्ने का नया पिराई सत्र विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया।
इस अवसर पर मिल प्रांगण में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किये गये, जिसमें क्षेत्र के किसानों द्वारा रखे गये श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का भोग डाला गया। साथ ही पंडित द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गयी।
समारोह में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू, मिल के महाप्रबंधक प्रदीप अरोड़ा, श्रीगंगानगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक जयदीप बिहानी, पूर्व सांसद शंकर पन्नू, भाजपा के जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, गणमान्य नागरिक और गन्ना उत्पादक किसान उपस्थित रहे। सभी ने नये सत्र के निर्बाध संचालन की कामना की और एक-दूसरे को बधाई तथा शुभकामनाएं दीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिल प्रबंधन ने गन्ना लाने के लिए किसानों को पर्ची का वितरण कुछ दिनों पहले ही शुरू कर दिया था। अब किसान इन पर्चियों के क्रमानुसार गन्ना लेकर मिल पहुंचेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि यह सत्र करीब दो महीने तक चलेगा, जिसमें करीब 12 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई होगी। इससे करीब एक लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन होने की संभावना है।
पिछले सत्र की तुलना में इस बार उत्पादन में कमी आई है। पिछली बार 17 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई से करीब एक लाख 75 हजार क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ था। इस कमी का मुख्य कारण राजस्थान के जल संसाधन विभाग की ओर से पंजाब से गंगनहर में निर्धारित हिस्से के अनुसार पानी प्राप्त करने में असफलता रही। पानी की कमी के चलते गन्ने की बुआई और फसल के पकने के दौरान किसानों को काफी परेशानी हुई। कई किसान गन्ने की बुआई ही नहीं कर सके, जबकि कुछ को कम रकबे में बुआई करने पर मजबूर होना पड़ा। शेष रकबे में उन्होंने अन्य फसलों को प्राथमिकता दी।
इस सहकारी चीनी मिल के क्षेत्र में कुल गन्ना उत्पादन 14 से 15 लाख क्विंटल के बीच होने की उम्मीद है। मिल प्रबंधन द्वारा करीब 12 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की जाएगी, जबकि शेष गन्ना किसान गुड़ बनाने या पंजाब के निकटवर्ती फाजिल्का जिले की सहकारी मिल को बेच सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि पांच दिसम्बर को श्रीगंगानगर दौरे पर आये मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गन्ने के समर्थन मूल्य में 16 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की घोषणा की थी। इस नये सत्र में सरकार उच्चतम किस्म के गन्ने को 416 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीद रही है, जो पंजाब और हरियाणा के समकक्ष है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित