श्रीगंगानगर , मार्च 15 -- राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस समिति के आह्वान पर श्रीगंगानगर जिले में रायसिंहनगर में ब्लॉक कांग्रेस समिति द्वारा रविवार को एलपीजी गैस मूल्य वृद्धि के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर आक्रोश व्यक्त किया।

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राकेश ठोलिया ने इस मौके पर कहा कि केंद्र सरकार महँगाई कम करने में विफल रही है। उल्टा रसोई गैस की कीमतों में भारी वृद्धि करके आम उपभोक्ताओं पर बहुत बड़ा बोझ डाला है। महँगाई कम करने के मुद्दे पर भाजपा सत्ता में आयी और अब जनता खुद ठगा हुआ महसूस कर रही है।

पूर्व विधायक सोनादेवी बावरी ने कहा कि कीमतों की बढ़ोत्तरी के साथ साथ गैस की आपूर्ति व्यवस्था भी बदहाल है। समय पर आमजन को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहे। सिलेंडरों की काला बाजारी हो रही है। व्यावसायिक सिलेंडरों की कीमतों में भी भारी वृद्धि करने से आम दैनिक उपभोग की वस्तुओं के दामों में बढ़ोत्तरी हुई है। महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुमन ठोलिया ने रसोई गैस एवं वाणिज्य सिलेंडरो की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेकर आपूर्ति सुनिश्चित कर और महँगाई पर नियंत्रण करने की माँग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित