श्रीगंगानगर , जनवरी 23 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वास्थ्य विभाग में सीधी भर्ती के लिये शीघ्र विज्ञप्ति जारी करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी नर्सिंग ऑफिसर के 12 हजार और महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) के सात हजार पदों पर नयी सीधी भर्ती के लिए मेरिट आधारित एवं 10, 20 और 30 बोनस अंकों के साथ विज्ञप्ति शीघ्र जारी करने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान शहर के मुख्य मार्गों से रैली निकाली गयी, जो कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरने में तब्दील हो गयी। इसके बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं में संविदा, एनएचएम और अल्प वेतन पर हजारों कार्मिक कार्यरत हैं। इनमें से कई कर्मचारी वर्षों से सेवा दे रहे हैं और कुछ तो अपनी उम्र के आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुके हैं।
ज्ञापन में मांग की गयी है कि भर्ती प्रक्रिया को पूर्ववत 2018 एवं 2023 की तर्ज पर चिकित्सा नियम 1965 के तहत संचालित किया जाये। नर्सिंग ऑफिसर के12 हजार और एएनएम के सात हजार पदों पर मेरिट एवं बोनस अंक-10, 20 और 30 के आधार पर भर्ती विज्ञापन जल्द जारी किया जाये। इससे आठ से 10 वर्षों से कार्यरत समस्त संविदा नर्सिंग कार्मिकों को नियमित होने का अवसर मिलेगा और राजस्थान सरकार का संविदा नर्स को नियमित करने का वायदा भी पूरा होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित