श्रीगंगानगर , जनवरी 14 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में पदमपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क दुर्घटनाओं में दो व्यक्तियाें की मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पदमपुर में हरीश सुबह रोजाना की तरह निकटवर्ती गांव जलौकी में अपनी किरयाना की दुकान पर कार द्वारा जा रहा था। सुबह करीब सात बजे अत्यधिक कोहरा होने के कारण उसकी कार की टक्कर एक ट्रैक्टर ट्राली से हो गई, जिससे हरीश बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

इससे पहले मंगलवार रात करीब आठ बजे चूनावढ थाना क्षेत्र में श्रीगंगानगर-पदमपुर मार्ग पर चुनाव कोठी के पास एक कार की टक्कर से टेंपो में सवार रमेश उर्फ पवन (35) सड़क पर आ गिरा। उसी समय पीछे चारा लेकर एक ट्रैक्टर ट्राली आ रही थी, जिसकी चपेट में आने से रमेश बुरी तरह से जख्मी हो गया। टेंपो चालक राजेंद्र भी बुरी तरह से घायल हो गया। दोनों को लोगों ने श्रीगंगानगर के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां रमेश को मृत घोषित कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित