श्रीगंगानगर , जनवरी 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने रविवार को विभिन्न इलाकों में एक आदतन अफीम तस्कर सहित चार युवकों को गिरफ्तार करके उनसे अफीम और डोडा पोस्त बरामद किये हैं।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि जवाहर नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली तो कार में सवार सुरेश बिश्नोई (30) से 516 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुरेश एक आदतन तस्कर है और उसके खिलाफ पहले से ही तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार रात करीब आठ बजे दो युवकों से 700 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। युवकों की पहचान सुनील योगी (34) और अभिमन्यु कौशिक (26) के रूप में हुई है। इसी प्रकार चुनावढ़ थाना क्षेत्र में चक तीन-एच छोटा चौराहा के पास शाम को महेंद्र नाई (50) को गिरफ्तार किया। उससे 815 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित