श्रीगंगानगर , अप्रैल 08 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में केंद्रीय बस अड्डा के सामने पुरानी आबादी थाना इलाके की मिनी मायापुरी ऑटोमोबाइल मार्केट में बुधवार सुबह स्पेयर पार्ट्स की दो दुकानों में भीषण आग लग गई। आग से दोनों दुकानों में रखा स्पेयर पार्ट्स का लगभग सारा सामान, फर्नीचर तथा अन्य वस्तुएं जलकर खाक हो गई। दोनों दुकानें एक ही मालिक श्यामसुंदर शर्मा की है। दुकानदार ने बताया कि उनको आज सुबह करीब 6:30 बजे किसी व्यक्ति ने दुकानों में आग लगने की सूचना दी। वह अग्निशमन विभाग को सूचना देते हुए दुकान पर पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। उधर, दमकल कर्मियों ने बताया कि सुबह 6:32 पर सूचना मिलने पर दमकल कर्मी हरवीनसिंह, तुषार, सीताराम तथा दीपक राणा एक दमकी की गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। आग की विकरालता को देखते हुए 6:46 बजे एक और गाड़ी को रवाना किया गया। दमकल कर्मियों को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से आग पर काबू पाने में लगभग एक घंटा लगा।
दमकल कर्मियों के अनुसार श्याम ऑटो पार्ट्स के नाम की इन दोनों दुकानों में रखा सारा सामान जल गया है। आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होना बताया गया है। दुकानदार के मुताबिक उसकी दुकानों में गाड़ियों के बंफर,हैडलाइट्स और अन्य अनेक प्रकार के स्पेयर पार्ट्स का कॉफी स्टॉक था। उनका होलसेल तथा रिटेल का कारोबार है। कुछ स्पेयर पार्ट्स प्लास्टिक तथा रबड़ के होने की वजह से आग ने बड़ी तेजी से जोर पकड़ा। दुकान का फर्नीचर भी जल गया। दुकानदार को लाखों रुपए की क्षति हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित