श्रावस्ती , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में ग्राम पंचायतों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाए गए "ऑपरेशन त्रिनेत्र" के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की खरीद में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शिकायत के अनुसार जिले की 397 ग्राम पंचायतों में सुरक्षा के नाम पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। आरोप है कि जिन कैमरों की बाजार कीमत लगभग 5,299 रुपये बताई जा रही है, उन्हें 23,500 रुपये प्रति कैमरा की दर से खरीदा गया। आरोप में अधिकारियों और ठेकेदारों की कथित मिलीभगत से सरकारी धन के दुरुपयोग की बात कही गई है।
इस मामले में लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज पाठक ने पंचायती राज मंत्री से शिकायत कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शिकायत में खरीद प्रक्रिया में भारी अनियमितता तथा दरों में अत्यधिक अंतर का उल्लेख किया गया है।
शिकायत के बाद पंचायती राज मंत्री ने प्रकरण की जांच के निर्देश जारी किए हैं। वहीं जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए टीम गठित कर दी है।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी स्तर पर वित्तीय अनियमितता या गड़बड़ी प्रमाणित होती है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित