श्रावस्ती , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र में लूट और हत्या की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए बीती देर रात मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र में 15/16 फरवरी की रात बदमाशों ने लूट के दौरान हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर थाना हरदत्त नगर गिरंट पुलिस, विशेष अभियान समूह और सर्विलांस दल की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल दो आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर गोली चला दी और भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गन्नू लोनिया के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तथा उसके साथी ओमप्रकाश वर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना से जुड़े साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही इस वारदात में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है, ताकि पूरे मामले का पूर्ण खुलासा किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित